न्यूज11 भारत
लोहरदगा/डेस्क: एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS) स्पोर्ट्स एंड गेम्स मीट 2026-27 के अंतर्गत तीन दिवसीय क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आज शुभारंभ हुआ. कुडू प्रखंड के चिरी स्थित डायट के समीप मैदान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. प्रतियोगिता 30 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही है. इस वर्ष प्रतियोगिता की मेजबानी एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, कुजरा, लोहरदगा द्वारा की जा रही है.
प्रतियोगिता में राज्य के लोहरदगा, लातेहार, गुमला, गढ़वा और पलामू जिलों के कुल 11 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के 400 से अधिक छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं.
शिक्षा के साथ खेल एवं अन्य गतिविधियां सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण : उपायुक्त
उद्घाटन समारोह में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जो आदिवासी बहुल राज्य के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत अनुकूल हैं. उन्होंने कहा कि आज शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास में एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है.
उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालयों में पढ़ाई के साथ विभिन्न गतिविधियों के आयोजन से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है. इन विद्यालयों में बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है और उसी कड़ी में यह स्पोर्ट्स मीट आयोजित की जा रही है.
टीम भावना के साथ खेलें, स्वस्थ प्रतियोगिता में भाग लें
उपायुक्त ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं से टीम भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि जो टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी, वही विजेता बनेगी, लेकिन हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण प्रतियोगिता में भागीदारी है. अपने-अपने विद्यालय में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ही इस प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला है.
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ होनी चाहिए. टीम भावना का विकास विद्यार्थियों के भविष्य और करियर में महत्वपूर्ण योगदान देगा. स्कूल एवं कॉलेज के दौरान एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज के माध्यम से प्राप्त अनुभव और सीख जीवनभर उपयोगी रहते हैं.
EMRS परिवार के रूप में बनाएं नए रिश्ते और दोस्ती
उपायुक्त ने कहा कि सभी प्रतिभागी एक ही मॉडल के आवासीय विद्यालयों से जुड़े हैं, इसलिए उनके बीच एक विशेष संबंध है. उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थी खेल के साथ-साथ एक-दूसरे से भी बहुत कुछ सीखेंगे.
उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों के बीच से भविष्य में कोई बेहतर खिलाड़ी बनकर जिला, राज्य, राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकता है. उन्होंने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आप सभी देश के भविष्य हैं. जो विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन करेंगे, वे एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होंगे.
उपायुक्त ने बच्चों से कहा कि विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागियों को एक-दूसरे से मिलने और नए दोस्त बनाने का अवसर मिला है. उन्होंने कहा कि यहां से लौटते समय सभी के पास नए दोस्तों के नाम जरूर होने चाहिए. एक-दूसरे से अच्छी बातें और अनुभव सीखना इस आयोजन की महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी. उन्होंने कहा कि EMRS एक परिवार की तरह है और इस भावना को और मजबूत करने का प्रयास करें.
विभिन्न खेल विधाओं में होगी प्रतियोगिता
EMRS स्पोर्ट्स एंड गेम्स मीट 2026-27 के अंतर्गत दौड़, रिले दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, डिस्कस थ्रो, शॉटपुट, शतरंज, योगा, पैदल चाल, ट्रिपल जंप, फुटबॉल, खो-खो, कबड्डी एवं वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं.
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, परियोजना निदेशक ITDA सुषमा नीलम सोरेंग, जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी सीमा लकड़ा, मेजबान विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अमृता मिश्रा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: बालूमाथ में अनियंत्रित होकर बाइक ट्रैक्टर से जा टकराई, एक की मौत, दूसरा सवार रिम्स रेफर