मधु सुदन/न्यूज11 भारत
सरायकेला/डेस्क: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान दोनों महान विभूतियों की प्रतिमाओं और समाहरणालय परिसर में स्थापित तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई.
कार्यक्रम में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगिंयारी, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश सहित जिले के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को जीवन एवं कार्य व्यवहार में अपनाने का संदेश दिया. उन्होंने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की.
वहीं, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगिंयारी ने लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा के आदर्शों को याद किया. उन्होंने सार्वजनिक दायित्वों के निर्वहन में ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया.
कार्यक्रम के दौरान दोनों महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्रहित में योगदान देने का संदेश दिया गया.