सागर कुमार/न्यूज11 भारत
भुरकुंडा/डेस्क: बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास को अपनी पहली प्राथमिकता बताते हुए विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा है कि क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनका मुख्य लक्ष्य है. उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्य केवल घोषणाओं तक सीमित न रहकर धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हों, इसके लिए योजनाओं को व्यवस्थित रूप से सूचीबद्ध कर चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वित किया जा रहा है.
इसी क्रम में पतरातु प्रखंड के अंतर्गत पंचायत लपंगा में स्थित ग्लास फैक्ट्री क्षेत्र में आवासीय कॉलोनी के विकास तथा भुरकुंडा बाजार को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पुलिया के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है. इस परियोजना पर कुल 54,79,400 रुपये की लागत आएगी, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा.
इसके अतिरिक्त पाली पंचायत के ग्राम सुदी स्थित महतो टोला में पी.सी.सी. सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य भी स्वीकृत किया गया है, जिसकी अनुमानित लागत 99,48,900 रुपये है. यह योजना ग्रामीण क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के साथ-साथ लोगों के दैनिक जीवन को सुगम बनाएगी.
विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के हर गांव और हर वर्ग तक विकास की किरण पहुंचाना उनकी प्रतिबद्धता है. उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों को प्राथमिकता देते हुए बड़कागांव को विकास के नए आयाम तक पहुंचाया जाएगा.
यह भी पढ़ें: केदार पासवान बने झारखंड कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव, हथगढ़ा में खुशी का माहौल