अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा नगर निकाय चुनाव को ले गुरुवार से विभिन्न नगर निकायों में नाम निर्देशन पत्र खरीदने एवं नामांकन का कार्य शुरू हो गया है. गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए नामांकन निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता राजमहेश्वरम के कार्यालय कक्ष में व्यवस्था की गई है. पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया. जबकि आठ प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदा. अध्यक्ष पद के लिए जिन लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा है उनमें अलखनाथ पांडेय, अनिता दत्त, विकास कुमार माली, सुरेंद्र विश्वकर्मा, संतोष कुमार केशरी, अनिल कुमार पांडेय, आशीष कुमार सोनी, कंचन कुमार साहू के नाम शामिल है.
गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता राजमहेश्वरम ने बताया कि निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष में प्रत्याशी समेत मात्र पांच लोग के ही प्रवेश की अनुमति प्रदान की गई है. शेष लोग सौ मीटर के दायरे से बाहर रहेंगे. नियम का अनुपालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई होगी. चुनाव के दौरान सभी को आयोग द्वारा दिए गए गाइडलाइन का पालन करना होगा.प्रत्याशी मात्र तीन वाहन ही लेकर नामांकन के लिए आ सकेंगे. इसके लिए अनुमति लेनी होगी. जुलूस आदि के लिए भी अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय से अनुमति लेना आवश्यक है.उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों के नाम की सूची हिंदी वर्णमाला के आधार पर तैयार किया जाएगा. इसके लिए किसी प्रकार का विकल्प नहीं दिया गया है. जिस प्रत्याशी का नाम का अक्षर पहले होगा उनका नाम पहले होगा.
यह भी पढ़ें: भरनो बस्ती बाजार टांड़ स्थित बंसी केशरी की पान गुमटी का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को दिया अंजाम