रोहन निषाद/न्यूज़11 भारत
चाईबासा/डेस्क: पश्चिमी सिंहभूम जिला खनन टास्क फोर्स द्वारा जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है. जिला प्रशासन के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाकर अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे वाहनों को जब्त किया गया.
अभियान के दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र से अवैध रूप से बालू का परिवहन करते हुए 1 बालू लदा ट्रैक्टर को पकड़ा गया, जबकि चक्रधरपुर थाना क्षेत्र से 1 बालू लदा ट्रैक्टर और 1 हाइवा को जब्त किया गया है. इस प्रकार कुल 3 वाहनों को अवैध बालू परिवहन के आरोप में जब्त किया गया है.
जब्त किए गए सभी वाहनों को नियमानुसार कब्जे में लेकर संबंधित थाना को सुपुर्द कर दिया गया है. इन मामलों में खान एवं खनिज अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.
जिला खनन पदाधिकारी मेघनाथ टुटू ने बताया कि जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त व्यक्तियों व वाहन मालिकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है. टास्क फोर्स ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध खनन की सूचना तुरंत प्रशासन को दें.