बरही वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: बरही प्रखंड के ग्राम बरहीडीह निवासी 17 वर्षीय दिव्यांग बच्ची विद्या कुमारी पिता स्व. संजय पासवान को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने हजारीबाग उपायुक्त को पत्र लिखा है. विधायक ने उपायुक्त से बच्ची का आधार कार्ड बनवाने के साथ-साथ व्हीलचेयर, दिव्यांग पेंशन एवं अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया है. उपायुक्त को भेजे पत्र में विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा है कि बरही प्रखंड के बरहीडीह निवासी 17 वर्षीय दिव्यांग बच्ची विद्या कुमारी अत्यंत गरीब परिवार से है. बच्ची की मां बेबी देवी मजदूरी कर परिवार का जीवन-यापन करती हैं.
बच्ची के पिता स्व. संजय पासवान का वर्ष 2017 में निधन हो चुका है. पिता के निधन के बाद मां ही अपने तीन बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उठा रही हैं. बताया गया कि विद्या कुमारी दोनों हाथों और पैरों से लाचार है और बिस्तर पर रहने को मजबूर है. आर्थिक रूप से कमजोर परिवार होने के कारण बच्ची की देखभाल भी काफी मुश्किल से हो रही है. इसके बावजूद अब तक बच्ची को कई आवश्यक सरकारी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल सका है. विधायक के पत्र के अनुसार विद्या का आधार कार्ड भी नहीं बना है, जिसके कारण उसे सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी हो रही है.
विधायक ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि मानवीय आधार पर मामले का संज्ञान लेते हुए बच्ची का आधार कार्ड बनवाने की आवश्यक पहल की जाए. साथ ही उसे व्हीलचेयर, दिव्यांग पेंशन, राशन एवं अन्य पात्र सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिया जाए. परिवार की स्थिति को देखते हुए विद्या की मां को उम्मीद है कि प्रशासन की पहल से उनकी बेटी को जरूरी सरकारी सहायता मिल सकेगी. विधायक के इस पत्र के बाद अब परिवार को प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: छह माह से मजदूरी बकाया, गांडेय धनवंतरी इको पार्क में मजदूरों ने जड़ा ताला