भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय के धोबियामोड़ स्थित करीब छह करोड़ की लागत से बने धनवंतरी होड़ोपैथी इको पार्क में मजदूरी भुगतान को लेकर सोमवार को मजदूरों ने मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया. इससे पार्क का कामकाज ठप हो गया. मजदूरों का कहना है कि पार्क की साफ-सफाई, देखरेख व सुरक्षा में लगे 14 दैनिक मजदूरों व रात्रि प्रहरियों को छह माह से मानदेय नहीं मिला है. वहीं, पौधरोपण व संवर्धन कार्य में लगे करीब 350 वन मजदूरों की मजदूरी भी बकाया है.
मजदूरों ने कहा कि लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है. काम बंद होने से पार्क में लगे औषधीय पौधों की सिंचाई व देखरेख भी प्रभावित हो रही है. प्रदर्शनकारियों ने पुराने वनरक्षी के तबादले का भी विरोध किया और बकाया भुगतान सुनिश्चित होने तक नये वनरक्षी को योगदान नहीं देने देने की बात कही.
मजदूरों ने वन विभाग के उच्चाधिकारियों के नाम मांग पत्र सौंपकर बकाया राशि का एकमुश्त भुगतान करने की मांग की. मौके पर तेलझारी, मोहनपुर, मेढ़ो, चरकमारा, धर्मपुर, तिनपतली, इरचिट्टा व जोधपुर समेत कई गांवों के मजदूर मौजूद थे. मजदूरों ने जल्द भुगतान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी.
यह भी पढ़ें: योगेंद्र साव के बयान के बाद सियासत तेज, सांसद विजय हांसदा बोले- सही काम के लिए मुख्यमंत्री समेत सभी का मिलेगा साथ