अरुण कुमार बरनवाल/न्यूज11 भारत
धनबाद/डेस्क: धनबाद में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए धनबाद पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है. वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर गुरुवार को ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव के नेतृत्व में ऑटो-टोटो चालकों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया. सीएमआरआई गेट के समीप चलाए गए अभियान के दौरान गलत दिशा में वाहन चलाते पकड़े गए कुल 31 ऑटो-टोटो समेत अन्य वाहनों को जब्त कर ट्रैफिक थाना लाया गया. अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत भी दी.
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि ऑटो-टोटो चालकों द्वारा लापरवाही एवं यातायात नियमों की अनदेखी किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं. इसे गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक पुलिस को विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और सुचारु यातायात पुलिस की प्राथमिकता है. नियम तोड़ने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी.
ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों, विशेषकर ऑटो-टोटो चालकों पर पुलिस की कड़ी नजर है. जिले के अलग-अलग इलाकों में नियमित रूप से विशेष अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने बताया कि नाबालिगों द्वारा ऑटो-टोटो चलाए जाने की शिकायतें भी लगातार प्राप्त हो रही हैं. ऐसे चालकों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. इसके अलावा नशे की हालत में वाहन चलाने, आवश्यक कागजात नहीं रखने, गलत दिशा में वाहन चलाने, सड़क के बीच या नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार चालान काटने के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर वाहनों को जब्त भी किया जा रहा है. ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर वाहन चलाते समय अपनी तथा दूसरे लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें.
यह भी पढ़ें: मनोहरपुर प्रखंड के ईश्वर पाठक+2 उच्च विद्यालय में 24 और 25 अक्टूबर को दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन