नीरज कुमार साहू/न्यूज11 भारत
बसिया/डेस्क: रफ्तार का जुनून और नियमों की अनदेखी एक बार फिर एक मासूम परिवार पर कहर बनकर टूटी है. बसिया थाना क्षेत्र के बड़ा टोली मोड़ के पास आज सुबह स्कूली बच्चों से भरा एक टेम्पु अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दर्दनाक हादसे में 9 वर्षीय छात्रा आकांक्षा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 वर्षीय अनु केरकेटा गंभीर रूप से घायल है.
मृतक आकांक्षा कुमारी अपने मामा के घर गंगड़ा गांव में अपनी मां सुषमा देवी के साथ रहती थी. वह मदर अमृत पब्लिक स्कूल, महाराजगंज की छात्रा थी. रोज की तरह आज भी वह स्कूल जाने के लिए टेम्पु पर सवार हुई थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बड़ा टोली मोड़ के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे टेम्पु सड़क पर पलट गया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही गंगड़ा गांव में मातम पसर गया. आकांक्षा की मां सुषमा देवी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मासूम की अचानक मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं घायल बच्ची का इलाज बसिया रेफरल अस्पताल में चल रहा है.
प्रशासनिक चुप्पी पर खड़े होते बड़े सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर स्कूल ले जारहे वाहनों की सुरक्षा और क्षमता पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं. बताया जा रहा है कि टेंपो में क्षमता से अधिक 8 से 10 बच्चे सवार थे.
न्यूज़ 11 भारत की चेतावनी को किया गया दरकिनार
न्यूज़ 11 भारत में पूर्व में कई बार प्रमुखता से दिखाया था कि कैसे निजी टेम्पु वाहन नियमों को ताक पर रखकर बच्चों को असुरक्षित वाहनों में ठूस रहे हैं. न्यूज़ 11 भारत जैसे मीडिया संस्थानों द्वारा बार-बार आगाह करने के बावजूद, ना तो परिवहन विभाग और ना स्थानीय प्रशासन ना स्कूल प्रबंधक और ना ही छात्रों के अभिभावकों का आंख खुली. आज इस चुपी का परिणाम एक माँ की चीख और एक मासूम का शव है.
अब बड़ा सवाल दोषी कौन?
अब बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर इस मासूम बच्ची के मौत का दोषी कौन वह माता-पिता जो अपने आने वाली पीढ़ी के उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं क्या उनकी लापरवाही का यह परिणाम है या फिर वैसे स्कूल प्रबंधक जिन्हें सिर्फ अपने मोटे भारी भरकम फीस से मतलब रहती है या फिर वह स्थानीय प्रशासन जिन्हें बार-बार आगाह करने के बाद भी उनके द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. आज एक मां की गोद सुनी होगई है एक परिवार उजड़ गया, प्रशासन अब जांच की बात करेगी शायद कुछ दिन दिखावे की कार्रवाई भी हो, लेकिन क्या आकांक्षा वापस आएगी?