न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ को लेकर झारखंड में शिक्षा विभाग के एक आदेश ने नई बहस छेड़ दी है. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के अनुपालन में राज्य के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को 28, 29 और 30 अगस्त को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित रखने का निर्देश दिया है.
28 अगस्त को रक्षाबंधन के त्यौहार और 30 अगस्त को रविवार के दिन स्कूल खुला रखने के विभाग के इस आदेश के बाद शिक्षकों, अभिभावकों और आम लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है. छुट्टी के दिनों खासकर रक्षाबंधन जैसे पर्व पर स्कूल संचालित करने के निर्देश को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. हालांकि विभाग द्वारा जारी आदेश में बाद में क्षतिपूरक अवकाश देने की बात कही गई है, लेकिन लोगों का कहना है कि पर्व के वास्तविक दिन मिलने वाले अवकाश की सामाजिक एवं पारिवारिक महत्ता की भरपाई किसी अन्य दिन के अवकाश से नहीं की जा सकती.
बताते चलें ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ अभियान के तहत स्कूलों में खेलकूद से जुड़ी गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है. विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, स्कूलों में 28 अगस्त को पुशअप, स्किपिंग, प्लांक चैलेंज, पास द बाल, स्पोर्ट्स बंधन जैसी खेल गतिविधियां आयोजित होंगी. वहीं स्लोगन एवं निबंध प्रतियोगिता भी होगी.
29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्जित होगी तथा उनके जीवन परिचय पर चर्चा होगी. इसी दिन बच्चे खेल शपथ भी लेंगे. और अंतिम दिन 30 अगस्त को संडे आन साइकिल रैली निकाली जाएगी. साथ ही भारत की खेल संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए विशेष दौड़ का आयोजन किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: 3 दिन में राशन कार्ड सत्यापन के केंद्र के आदेश पर भड़के इरफान अंसारी, बोले- ‘किसी के दबाव में नहीं काटेंगे नाम’