प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बरवाडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रेश्मा रेखा मिंज ने की।बैठक में थाना प्रभारी अनुराग कुमार, अंचल सीआई अनिल कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान सभी पर्वों को आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांति के साथ मनाने की अपील की गई। प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।बैठक में विशेष रूप से डीजे, बिजली एवं झंडा को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने कहा कि बिना अनुमति के डीजे का उपयोग नहीं किया जाएगा तथा ध्वनि प्रदूषण के नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। जुलूस के दौरान बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई। साथ ही झंडा लगाने के दौरान सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील जगहों का ध्यान रखने एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया गया।बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे और कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पर्व के दौरान जुलूस, पूजा-अर्चना एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की बात कही गई।
साथ ही प्रखंड क्षेत्र के तमाम अखाड़ा समितियों के अध्यक्ष एवं सदस्य भी बैठक में शामिल हुए और प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। सभी अखाड़ा कमिटियों ने शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने की बात कही।इस अवसर पर उप प्रमुख बिरेंद्र जायसवाल, बीस सूत्री अध्यक्ष नसीम अंसारी, सांसद प्रतिनिधि ईश्वरी सिंह, दीपक राज, ओमप्रकाश गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह उर्फ पिंटू, मुखिया कालो देवी, पूनम देवी, भाजपा जिला कार्य समिति सदस्य मनीष सोनी तथा पूर्व सांसद प्रतिनिधि कन्हाई प्रसाद समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।अंत में प्रशासन ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल थाना या संबंधित अधिकारियों को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द कायम रहे।
यह भी पढ़ें: एसडीओ की अध्यक्षता में SIR को लेकर बैठक, बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को दिए गए आवश्यक निर्देश