न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई हैं. नामांकन पत्रों की बिक्री के आंकड़े बता रहे है कि इस बार चुनावी मुकाबला कड़ा होने वाला हैं. राजधानी रांची से लेकर धनबाद तक मेयर और वार्ड पार्षद पद के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवार मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं. रांची नगर निगम क्षेत्र में मेयर पद के लिए अब तक 16 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी हैं. वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए 382 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं.
धनबाद नगर निगम में भी चुनावी माहौल गर्म हैं. यहां मेयर पद के लिए 36 नामांकन पत्र बिक चुके है, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए 457 इच्छुक उम्मीदवारों ने पर्चे खरीदे हैं. नामांकन प्रक्रिया के साथ ही राजनीतिक दलों के भीतर बैठकों का दौर तेज हो गया हैं. प्रत्याशियों के चयन और समर्थन को लेकर लगातार मंथन चल रहा हैं. कई दलों में संभावित उम्मीदवारों को लेकर सहमति बनाने की कोशिशें तेज हैं.
सूत्रों के मुताबिक, मेयर पद को लेकर कई नगर निगम क्षेत्रों में बीजेपी के भीतर सहमति बनती दिख रही हैं. रांची से मेयर पद के लिए रौशनी खलखो का नाम लगभग तय माना जा रहा हैं. वहीं धनबाद में संजीव अग्रवाल, देवघर से रीता चौरसिया और मानगो से संध्या सिंह का नाम लगभग तय माना जा रहा हैं. कुल मिलाकर नगर निकाय चुनाव को लेकर झारखंड की राजनीति में गहमागहमी बढ़ती जा रही हैं.