न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है. दरअसल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2027 में होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत रांची में प्रस्तावित टेस्ट मैच की मेजबानी पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं. खबरें सामने आ रही है कि रांची के JSCA स्टेडियम में यह मैच आयोजित नहीं होगी, रिपोर्टों के मुताबिक इस मुकाबले के वेन्यू में बदलाव को लेकर चर्चा चल रही है.
BCCI के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला 19 से 23 फरवरी 2027 तक JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम, रांची में खेला जाना है.
रांची का मौसम बना वेन्यू चेंज की मुख्य वजह
मुकाबले के वेन्यू में बदलाव कि मुख्य वजह फरवरी के दौरान रांची का मौसम बताया जा रहा है. दरअसल रांची में फरवरी के दौरान दिन की रोशनी जल्दी कम होने को लेकर चिंता जताई गई है. टेस्ट मैच में प्रतिदिन निर्धारित ओवर पूरे करना महत्वपूर्ण होता है. ऐसे में अगर रोशनी कम होने के कारण खेल जल्दी रोकना पड़े, तो मैच के पांच दिनों में पूरे समय का इस्तेमाल प्रभावित हो सकता है.
बताते चलें न केवल रांची बल्कि पूरे झारखंड से क्रिकेट प्रेमी मैच का आनंद उठाने के लिए JSCA स्टेडियम पहुंचते हैं. यहां क्रिकेट का क्रेज कुछ ऐसा है की कई सप्ताह से लोग दिन-दिनभर लंबी लाइनों खड़े रहकर टिकट खरीदते हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, टीम प्रबंधन की ओर से BCCI के सामने यह मुद्दा उठाए जाने की बात सामने आई है. टीम प्रबंधन चाहता है कि WTC के लिहाज से महत्वपूर्ण इस सीरीज में ऐसे स्थान और समय चुने जाएं, जहां पांचों टेस्ट में अधिक से अधिक खेल हो सके.
19 फरवरी को रांची में होना है मैच
BCCI ने मार्च 2026 में भारत के 2026-27 घरेलू सत्र का कार्यक्रम जारी किया था. इसके अनुसार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट की सीरीज का पहला मुकाबला 21 जनवरी को नागपुर, दूसरा 29 जनवरी को चेन्नई, तीसरा 11 फरवरी को गुवाहाटी, चौथा 19 फरवरी को रांची और पांचवां 27 फरवरी को अहमदाबाद में होना तय हुआ है.
इसे भी पढ़ें: एक्सक्लूसिव 'बिस्मिल्लाह' से शुरू किया जवाब, ईशान ने जीता दिल