वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज11 भारत
बरही//डेस्क: गोरहर क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने बड़े-बड़े गड्ढे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं. सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. खासकर रात के समय और बारिश के दौरान वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर गड्ढों की वजह से छोटे-बड़े वाहन अचानक असंतुलित हो जाते हैं, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है. कई बाइक सवार गड्ढों में फंसकर चोटिल भी हो चुके हैं. भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क की स्थिति और खराब होती जा रही है.
ग्रामीणों एवं वाहन चालकों ने संबंधित विभाग से जल्द मरम्मत कार्य कराने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते गड्ढों की मरम्मत नहीं की गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है.
यह भी पढ़ें: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रांची पहुंचे, आदित्य साहू समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत