बरवाडीह थाना

बरवाडीह थाना प्रभारी बने प्रशिक्षु डीएसपी रामलखन वर्णवाल 

नशे के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर रहेगा जोर 

By : Ark Sahuliyar
बरवाडीह थाना प्रभारी बने प्रशिक्षु डीएसपी रामलखन वर्णवाल 

प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत 
बरवाडीह/डेस्क:
बरवाडीह थाना में प्रशिक्षु डीएसपी रामलखन वर्णवाल को नया थाना प्रभारी बनाया गया है. उन्होंने शनिवार को थाना प्रभारी के रूप में विधिवत कार्यभार संभाल लिया. पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने थाना के पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ बैठक कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. 

प्रशिक्षु डीएसपी रामलखन वर्णवाल ने कहा कि थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी. अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ असामाजिक गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी और सेवन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा. इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश पुलिसकर्मियों को दिया गया है.

नए थाना प्रभारी ने आम लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि, अपराध या नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि आम जनता के सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सकता है.