ऑफलाइन म्यूटेशन

ऑफलाइन म्यूटेशन आवेदन ठुकराना गलत नहीं, हाईकोर्ट ने ऑनलाइन प्रक्रिया को माना वैध

झारखंड हाईकोर्ट ने भूमि म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) से जुड़े एक मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है.

By : Ark Sahuliyar
ऑफलाइन म्यूटेशन आवेदन ठुकराना गलत नहीं, हाईकोर्ट ने ऑनलाइन प्रक्रिया को माना वैध

न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क:
झारखंड हाईकोर्ट ने भूमि म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) से जुड़े एक मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है. हाई कोर्ट के न्यायाधीश अनंदा सेन ने कहा कि राजस्व अधिकारी भूमि म्यूटेशन के लिए ऑनलाइन आवेदन पर जोर दे सकते हैं. सिर्फ इस आधार पर ऑफलाइन आवेदन स्वीकार करने से इनकार करना कि वह ऑनलाइन नहीं है, कानून के खिलाफ नहीं माना जाएगा. हालांकि, कोर्ट ने यह भी कहा कि जिन लोगों को ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी हो, उनकी मदद की व्यवस्था मौजूद है.

क्या है पूरा मामला
यह मामला जमशेदपुर के मानगो इलाके की खाता संख्या 427 और प्लॉट संख्या 2160 की 0.02.40 हेक्टेयर जमीन से जुड़ा था. याचिकाकर्ता मदन मोहन प्रसाद ने इस जमीन का म्यूटेशन अपने नाम कराने के लिए ऑफलाइन आवेदन देना चाहा था. लेकिन गोलमुरी के अंचल अधिकारी ने यह कहते हुए आवेदन लेने से इनकार कर दिया कि आवेदन ऑनलाइन ही जमा किया जा सकता है.

याचिकाकर्ता का कहना था कि बिहार टेनेंट्स होल्डिंग्स (मेंटेनेंस ऑफ रिकॉर्ड्स) एक्ट, 1973 की धारा 11 में आवेदन निर्धारित फॉर्म में देने की बात कही गई है. इसमें ऑनलाइन आवेदन को अनिवार्य नहीं किया गया है. इसलिए ऑफलाइन आवेदन लेने से इनकार करना गलत है.

राज्य ने ऑनलाइन आवेदन पर जोर देने का बताया कारण
राज्य सरकार की ओर से कोर्ट में कहा गया कि ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था का उद्देश्य भूमि रिकॉर्ड में पारदर्शिता लाना, अवैध लगान रसीद जारी होने पर रोक लगाना और म्यूटेशन की प्रक्रिया में जवाबदेही तय करना है. डिजिटल व्यवस्था से म्यूटेशन बनाने और रद्द करने की प्रक्रिया पर नजर रखना भी आसान होता है. सरकार ने यह भी बताया कि संबंधित कानून में जरूरी संशोधन की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है.

कोर्ट ने क्या कहा
जस्टिस आनंद सेन ने कहा कि 1973 के कानून में आवेदन निर्धारित फॉर्म में देने की बात है. उस समय डिजिटल व्यवस्था नहीं थी, लेकिन आज कंप्यूटर और ऑनलाइन व्यवस्था प्रशासन का सामान्य हिस्सा बन चुकी है. ऑनलाइन व्यवस्था से रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने, पारदर्शिता बढ़ाने और फाइलों की आवाजाही में होने वाली देरी कम करने में मदद मिलती है.

कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि कानून में 'ऑनलाइन आवेदन' शब्द नहीं होने का मतलब यह नहीं है कि ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था लागू नहीं की जा सकती. बदलते समय और तकनीकी विकास को ध्यान में रखते हुए कानून की व्याख्या की जा सकती है.

दूरदराज के लोगों के लिए भी कोर्ट ने बताई व्यवस्था
कोर्ट ने माना कि देश में डिजिटल सुविधाएं हर जगह समान रूप से उपलब्ध नहीं हैं. खासकर पिछड़े और दूरदराज के इलाकों में लोगों को ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी हो सकती है. ऐसे लोगों के लिए पंचायतों में सुविधा केंद्र, प्रज्ञा केंद्र, मोबाइल ई-सेवा वैन और पैरा-लीगल वॉलंटियर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जहां से उन्हें मदद मिल सकती है.

याचिकाकर्ता को ऑनलाइन आवेदन करने का निर्देश
हाईकोर्ट ने कहा कि राजस्व अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन म्यूटेशन आवेदन पर जोर देना और ऑफलाइन आवेदन लेने से इनकार करना गैरकानूनी नहीं है. कोर्ट ने याचिकाकर्ता को तुरंत ऑनलाइन आवेदन करने को कहा. यदि उसे ऑनलाइन फॉर्म भरने में परेशानी होती है तो वह पैरा-लीगल वॉलंटियर के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से मदद ले सकता है. आवेदन जमा होने के बाद संबंधित अधिकारी को उस पर फैसला लेकर याचिकाकर्ता को इसकी जानकारी देनी होगी.

यह भी पढ़ें- रिश्वतकांड के आरोपी अमीन गणेश महतो को बेल देने से इनकार, ACB कोर्ट ने ख़ारिज की जमानत याचिका 

 

संबंधित सामग्री

बिना कारण बताओ नोटिस कर्मचारी की बर्खास्तगी गैर-कानूनी, कोर्ट जाने पर सजा देने की प्रथा तुरंत बंद हो: हाई कोर्ट

बिना कारण बताओ नोटिस कर्मचारी की बर्खास्तगी गैर-कानूनी, कोर्ट जाने पर सजा देने की प्रथा तुरंत बंद हो: हाई कोर्ट

झारखंड हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग के इंजीनियरिंग सेल में लंबे समय तक संविदा पर काम करने वाले नौ कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है.

पुरानी सूची में नाम से नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी, झारखंड हाईकोर्ट ने 35 सुपरवाइजरों की मांग ठुकराई

पुरानी सूची में नाम से नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी, झारखंड हाईकोर्ट ने 35 सुपरवाइजरों की मांग ठुकराई

झारखंड हाईकोर्ट ने गैर-औपचारिक शिक्षा योजना में काम कर चुके 35 सुपरवाइजरों को झारखंड सरकार की नियमित सेवा में शामिल करने की मांग खारिज कर दी है.

चंद्रपुरा में ताबड़तोड़ फायरिंग, पति-पत्नी की मौत, बेटा गंभीर

चंद्रपुरा में ताबड़तोड़ फायरिंग, पति-पत्नी की मौत, बेटा गंभीर

चंद्रपुरा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के पश्चिम पल्ली स्थित डीवीसी आवासीय क्वार्टर में गुरुवार की शाम अज्ञात अपराधियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया.

भारतीय जनता पार्टी झारखंड़ प्रदेश के अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्ष ताजदार आलम ने संभाला कार्यभार

भारतीय जनता पार्टी झारखंड़ प्रदेश के अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्ष ताजदार आलम ने संभाला कार्यभार

मुस्लिम समुदाय और बीजेपी के बीच व्याप्त दूरी को कम करने पर करेंगे काम : ताजदार आलम

नाला-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर मौत 

नाला-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर मौत 

गुरुवार को बिंदापाथर थाना क्षेत्र के नाला-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.