न्यूज11 भारत
पाकुड़/डेस्क: महेशपुर थाना क्षेत्र के मालधाड़ा गांव के समीप पहाड़ पर देर शाम एक महिला और उसकी करीब डेढ़ माह की बच्ची का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई दो दिन पुराना सड़ा-गला शव एक ही रस्सी के सहारे पेड़ और जमीन के बीच संदिग्ध अवस्था में मिले हैं. घटना के बाद आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और मां-बेटी की हत्या की आशंका जताई जा रही है.
मृतका की पहचान अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के उदलबनी गांव निवासी होपोन्टी बेसरा (26 वर्ष) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि महिला अपनी करीब डेढ़ माह की बच्ची के साथ थी. बुधवार देर शाम मालधाड़ा गांव के समीप पहाड़ पर दोनों के शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों को मिली. इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
घटना की सूचना मिलते ही महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा और एसआई दीपक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी साक्ष्यों को जुटाने के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है.
फिलहाल दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. थाना प्रभारी रवि शर्मा ने बताया कि मौत के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है और पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है.
मां-बेटी की एक साथ संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामला हत्या का है या किसी अन्य परिस्थिति से जुड़ा हुआ है. घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में भी चिंता और आक्रोश का माहौल है.
यह भी पढ़ें: बनहरदी कोल परियोजना को लेकर ग्राम सभा में ग्रामीणों ने उठाए जमीन और वन अधिकार के मुद्दे, मांगों पर अड़े ग्रामीण