प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: कांके विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा ने रविवार को अपने पूरे परिवार के साथ प्रसिद्ध बेतला नेशनल पार्क सहित क्षेत्र के कई प्रमुख पर्यटक स्थलों का भ्रमण किया. इस दौरान विधायक ने बेतला नेशनल पार्क की प्राकृतिक सुंदरता, हरियाली और वन्य जीवन की समृद्धता की जमकर प्रशंसा की. भ्रमण के क्रम में विधायक सुरेश बैठा ने बेतला किला, वन्य प्राणी संरक्षण क्षेत्र, घने जंगल, झरनों और पार्क के अन्य आकर्षक स्थलों का अवलोकन किया. उन्होंने कहां कि बेतला नेशनल पार्क झारखंड की पहचान है और यहां की प्राकृतिक छटा देश-विदेश के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है. उन्होंने कहां कि शांत वातावरण, स्वच्छ हवा और जैव विविधता मन को सुकून देने वाली है.
विधायक ने पार्क प्रबंधन द्वारा किए जा रहे संरक्षण कार्यों की भी सराहना की और कहा कि यदि सुविधाओं का और विस्तार किया जाए तो यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं. उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और पर्यटन के माध्यम से क्षेत्र में रोजगार सृजन पर जोर दिया. परिवार संग भ्रमण के दौरान विधायक ने कहां कि ऐसे प्राकृतिक स्थलों का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे बेतला नेशनल पार्क की स्वच्छता और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में सहयोग करें.
विधायक सुरेश बैठा के भ्रमण से स्थानीय लोगों और पर्यटक व्यवसाय से जुड़े लोगों में उत्साह देखा गया. लोगों को उम्मीद है कि उनके प्रयासों से बेतला नेशनल पार्क और आसपास के पर्यटन स्थलों का और अधिक विकास होगा, जिससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और झारखंड पर्यटन को नई पहचान मिलेगी.
यह भी पढ़ें: बरवाडीह में सुभाष पार्क की चारदीवारी व लोहे की रेलिंग क्षतिग्रस्त, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग