भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय प्रखंड के बुधुडीह पंचायत अंतर्गत बुधुडीह गांव स्थित आदर्श उच्च विद्यालय में गुरुवार को विद्यालय का 26 वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत सांसद प्रतिनिधि रघुनाथ यादव, आजसू नेत्री प्रियंका शर्मा, पंचायत की पूर्व मुखिया रुबी देवी, भाजपा नेता संदीप वर्मा व राजू मंडल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर की गई.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गांडेय प्रमुख राजकुमार पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि यह विद्यालय पिछले 25–26 वर्षों से क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगा रहा है. उन्होंने विद्यालय विकास के लिए अपने फंड से सहयोग करने की घोषणा की.
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष यदुनंदन पाठक ने कहा कि विद्यालय की स्थापना से पूर्व क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा के लिए गांडेय जाना पड़ता था, लेकिन अब स्थानीय स्तर पर शिक्षा सुलभ हो पाई है. वंशीधर मंडल ने विद्यालय को ज्ञान का केंद्र बताते हुए शिक्षक और छात्र को एक-दूसरे का पूरक बताया.
विद्यालय के प्रधानाध्यापक राम प्रसाद मंडल ने विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि यहां अध्ययनरत कई छात्र सरकारी सेवाओं में कार्यरत हैं. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की.
बताया गया कि विद्यालय की स्थापना वर्ष 2001 में वर्ल्ड विजन द्वारा की गई थी तथा भूमि दान बुधुडीह निवासी तारा प्रसाद वर्मा ने दिया था. वर्तमान में विद्यालय में कक्षा 8 से 10 तक की पढ़ाई होती है, जहां 8 शिक्षक, 3 शिक्षकेत्तर कर्मचारी तथा कुल 504 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं.
कार्यक्रम में 2003–04 प्रथम बैच के छात्रों द्वारा शिक्षकों को सम्मानित किया गया. पूर्व शिक्षक अरुण वर्मा ने दो पुस्तकों का विमोचन किया. छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए तथा दिवंगत शिक्षक महेंद्र प्रसाद वर्मा को श्रद्धांजलि दी गई.
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: घर में घुसकर महिलाओं व बच्चों के साथ मारपीट, पीड़ित परिवार ने बालूमाथ थाने में 15 के खिलाफ दिया आवेदन