मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: खलारी थाना क्षेत्र के जेहलीटाड़ निवासी जौहर अंसारी उर्फ जॉन (लगभग 45 वर्ष) का शव बुधवार सुबह सोनाडुब्बी नदी से बरामद किया गया. मृतक बीते 30 मार्च की सुबह से लापता थे, जिसके बाद परिजनों ने खलारी थाना में गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी.
ग्रामीणों के अनुसार, जौहर अंसारी 30 मार्च की सुबह करीब 9:30 बजे लाल रंग की टी-शर्ट और काले रंग की हाफ पैंट पहनकर घर से निकले थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा था. परिजनों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका बुधवार 1 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे घर के उत्तर दिशा में बह रही सोनाडुब्बी नदी में उनका शव दिखाई दिया.
इसकी सूचना मिलते ही खलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स भेज दिया है. मामले को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.