न्यूज़11 भारत
जामताड़ा/डेस्क: जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र के चेगायडीह गांव में एक दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई. तीनों बच्चे खेलते-खेलते तालाब की ओर चले गए थे. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है, जबकि मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर गांव के तीन बच्चे एक साथ खेल रहे थे. इसी दौरान वे चिरकुटोला स्थित तालाब की ओर चले गए और तालाब में डूब गए. तालाब उनके घर से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर बताया जा रहा है. बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी.
मृतकों की पहचान आर्यन अंसारी(5 वर्ष) पिता जसीमुद्दीन अंसारी, नासिर अंसारी(6 वर्ष) पिता तबारक अंसारी और अमर सोहेल(6 वर्ष) पिता सजाउद्दीन अंसारी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, बीडीओ अबीश्वर मुर्मू और पूर्व सांसद फुरकान अंसारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कहा कि यह घटना बेहद मर्माहत करने वाली है. इतनी कम उम्र में तीनों बच्चे दुनिया को ठीक से देख भी नहीं पाए और चले गए. इस घटना से सभी को बहुत तकलीफ है. ईश्वर बच्चों के माता-पिता और परिजनों को इस दुख को सहने की हिम्मत दे.एक साथ तीन मासूमों की मौत से चेगायडीह गांव में शोक की लहर है.