राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: चंदवा थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार प्रदीप उरांव (40) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी आश्रीता देवी (35) गंभीर रूप से घायल हो गईं. घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है.
जानकारी के अनुसार, प्रदीप उरांव अपनी पत्नी के साथ हिसरी गांव से कुडू में करमा पूजा के अवसर पर अपने बच्चे को लाने जा रहे थे. इसी दौरान चंदवा थाना के समीप अमूल दूध लेकर जा रही टाटा मैजिक (407) वाहन और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार प्रदीप उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं.
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा सड़क के दाहिने तरफ जाकर हुआ, वहीं प्रारंभिक जानकारी में हादसे के लिए दूध वाहन की गलती की बात कही जा रही है. हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है.