न्यूज़11 भारत
गिरिडीह/डेस्क: महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहिर के मुंबई स्थित आवास में हुई 2 करोड़ 65 लाख रुपये की चोरी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. इस हाई-प्रोफाइल मामले में गिरिडीह के गावां प्रखंड के दो युवकों को महाराष्ट्र पुलिस और सीआईडी ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों की निशानदेही पर थार वाहन, सोने के जेवरात और नकदी बरामद किये गए हैं. गिरफ्तार आरोपियों में गावां प्रखंड के पंडरिया निवासी अमित कुमार और सांख निवासी सतीश कुमार को शामिल है.
उपसभापति के घर में घरेलू कर्मचारी थे दोनों युवक
पुलिस के अनुसार दोनों पिछले तीन-चार वर्षों से उपसभापति के घर में घरेलू कर्मचारी थे. परिवार का विश्वास जीतने के बाद उन्होंने कथित रूप से चोरी की वारदात को अंजाम दिया. 22 जुलाई को वरली थाना में मामला दर्ज होने के बाद मामले की जांच शुरू हुई. पूछताछ के आधार पर महाराष्ट्र सीआईडी की टीम आरोपियों को लेकर झारखंड के गावां पहुंची.
टीम में एसआई योगेश खर्वरकर, अरुण घटकर, हवलदार अशोक पाटिल, सुहाग, विकास सहित अन्य सीआईडी अधिकारी शामिल थे. छापेमारी के दौरान एक थार वाहन, सोने के जेवरात और नकदी बरामद की गई. पुलिस का कहना है कि चोरी की रकम से खरीदी गई जमीन की भी जांच की जा रही है. महाराष्ट्र सीआईडी की कार्रवाई के बाद पूरे गावां क्षेत्र में इस मामले की चर्चा है. पुलिस अब चोरी की बाकी रकम और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: BREAKING NEWS: बड़कागांव में पुलिस व प्रिंस खान गैंग के बीच मुठभेड़, एक अपराधी घायल