न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: छठ महापर्व की रौनक झारखंड के हर कोने में दिखाई दे रही हैं. कद्दू-भात के बाद आज खरना का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा लेकिन मौसम विभाग ने खरना के दिन झारखंड के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई हैं. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर राज्य के मौसम पर पड़ सकता हैं.
गुमला-पलामू समेत कई जिलों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 26 अक्तूबर को संताल परगना के जिलों को छोड़कर झारखंड के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों- गुमला, सिमडेगा, पलामू, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती हैं. वहीं रांची समेत अन्य जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा और दिनभर घने बादल छाए रहेंगे, हालांकि मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने की संभावना हैं. 28 अक्तूबर यानी छठ पूजा के बाद झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव कमजोर पड़ेगा और अंडमान-निकोबार की दिशा में सक्रिय चक्रवाती प्रणाली का असर भी घट जाएगा. इससे राज्य में ठंड की शुरुआत होगी और तापमान में करीब 5 से 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती हैं.
पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में झारखंड में मौसम शुष्क बना रहा. सबसे अधिक तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रहा. हालांकि आज के बाद मौसम में बदलाव के संकेत साफ दिखाई दे रहे हैं. मौसम विभाग ने खरना के दिन श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि वे मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए घाटों और खुले स्थानों पर सावधानी बरतें. आने वाले दिनों में झारखंड में हल्की ठंड के साथ सर्द सुबहें लौटने वाली हैं.
यह भी पढ़े: मांडर में चलती बस में अचानक लगी आग, बाल-बाल बचे सभी यात्री