प्रमोद कुमार/न्यूज़11भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अब एक्स-रे मशीन की सुविधा शुरू हो गई है. इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी. खासकर सड़क दुर्घटना, आपातकालीन स्थिति एवं अन्य जांच के लिए अब मरीजों को दूसरे जिले या दूरस्थ अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.बताया जाता है कि इस सुविधा को शुरू कराने के लिए सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने लगातार प्रयास किया था.
फरवरी 2025 में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बरवाडीह पूर्वी पँचायत सामिति सदस्य प्रवीण कुमार ने मांग पत्र सौंपकर बरवाडीह में एक्स-रे एवं अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई थी. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा पहल करते हुए एक्स-रे मशीन अधिष्ठापित की गई और अब मशीन कार्यरत भी हो चुकी है.स्थानीय लोगों ने कहा कि पहले छोटी-बड़ी चोट या जांच के लिए मरीजों को लगभग 28 से 30 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों की परेशानी होती थी. अब बरवाडीह में ही जांच सुविधा उपलब्ध होने से गरीब एवं ग्रामीण मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा.सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी उपलब्धि है और आगे भी स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास जारी रहेगा.