झारखंडPosted at: नवम्बर 10, 2022 आज से काम पर लौटे राजस्व उप निरीक्षक
संघ ने की हड़ताल समाप्त करने की घोषणा
न्यूज11 भारत
रांचीः झारखंड के 14 सौ से अधिक राजस्व उप निरीक्षक गुरुवार से अपने काम पर वापस लौट गये. झारखंड राजस्व उप निरीक्षक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव के साथ बुधवार को हुई थी. बैठक में 55 दिनों की हड़ताल अवधि का समायोजन पीएल, सीएल, इएल में करने की मांग पर सहमति बनी. इसके अलावा मुख्य मांग जो ग्रेड पे 2400 करने की बातें थी, उससे संबंधित संचिका मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास भेजने पर भी हड़ताली कर्मी और विभागीय प्रमुख के पास सहमति बनी. संघ के कार्यकारी महामंत्री राजेश कुमार ने कहा कि सरकार की तरफ से हड़ताल अवधि के समय को समायोजित करने का आश्वासन दिया गया है. इतना ही नहीं ग्रेड पे को लेकर चल रही तनातनी को भी समाप्त करने का आश्वासन दिया गया है. उन्होंने कहा कि गुरुवार से सभी राजस्व उप निरीक्षक अपने काम पर वापस लौट गये हैं. राज्य भर के तीन सौ से अधिक अंचल कार्यालयों में 55 दिनों से किसी भी तरह का कामकाज नहीं हो पा रहा था. अब लंबित प्रमाण पत्रों के मामलों का भी निबटारा जल्द होगा. राज्य भर में 30 लाख से अधिक आवासीय, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र संबंध लंबित हैं. इसके अलावा एक लाख से अधिक दाखिल-खारिज के मामले का निबटारा होने का मार्ग प्रशस्त हो जायेगा.