अफरोज आलम/न्यूज11 भारत
समस्तीपुर/डेस्क: रोसड़ा-समस्तीपुर मुख्य सड़क पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. जितवारपुर हसनपुर के पास एक ट्रक ने आगे-आगे चल रही एक कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक कार को घसीटते हुए काफी दूरी तक ले गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक चालक ने समय रहते ब्रेक नहीं लगाया और कार लगभग 200 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही. अंततः सड़क किनारे खड़ी एक अन्य ट्रक से टकराने के बाद ट्रक रुका. जिससे कार में सवार लोगों की जान बच सकी.
हादसे के वक्त कार में चालक समेत तीन लोग मौजूद थे, जो किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए.घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.आसपास मौजूद लोगों ने ट्रक का पीछा कर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. इधर सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपने कब्जे में ले लिया. बताया जा रहा है कि रात के समय सड़क किनारे कई भारी वाहन खड़े थे, जिससे मार्ग संकरा हो गया था. इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने नियंत्रण खोते हुए कार को टक्कर मार दी. हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. मुफस्सिल थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: बेटे की शादी से ठीक पहले पिता की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार डंपर ने मारी टक्कर