न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (अविनाश, सासाराम): रोहतास पुलिस को अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सासाराम पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर खड़े ट्रकों और कीमती वाहनों से बैटरी और अन्य पुर्जे चुराने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को दबोच लिया है, जो हाईवे के किनारे खड़े वाहनों के लिए आतंक का पर्याय बन चुके थे।
एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई विशेष छापेमारी
चोरी की लगातार बढ़ती वारदातों को देखते हुए सासाराम के एसडीपीओ-1 दिलीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने साक्ष्यों और तकनीकी इनपुट के आधार पर करगहर थाना क्षेत्र के बभनी गांव में दबिश दी। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने प्रिंस कुमार अली और विनय कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए दोनों अपराधी बभनी गांव के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।
चोरी की बोलेरो और 8 बैटरियां बरामद
गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने चोरी का सामान ढोने में इस्तेमाल होने वाली एक बोलेरो गाड़ी जब्त की है। तलाशी के दौरान पुलिस को इनके पास से विभिन्न वाहनों से चुराई गई 8 बैटरियां और एक जनरेटर का कल्टीवेटर भी मिला है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इन लोगों ने पिछले महीने 13, 16 और 30 अप्रैल को धौडांड़ थाना क्षेत्र में चोरी की तीन बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था, जहाँ इन्होंने ट्रक और हाईवा समेत कई वाहनों से कुल 14 बैटरियां पार कर दी थीं।
किसानों के पंपिंग सेट पर भी साफ करते थे हाथ
यह गिरोह सिर्फ हाईवे तक ही सीमित नहीं था, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के किसानों के लिए भी मुसीबत बना हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये अपराधी रात के अंधेरे में खेतों से किसानों के पंपिंग सेट और अन्य कीमती मशीनें भी चुरा लेते थे। इनकी गिरफ्तारी से इलाके के वाहन चालकों और किसानों ने राहत की सांस ली है।
अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस
पकड़े गए अपराधियों ने पूछताछ में गिरोह के कुछ अन्य सदस्यों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस अब उन सहयोगियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि इस गिरोह के पकड़े जाने से हाईवे पर होने वाली चोरियों में भारी कमी आएगी।