न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: यात्रियों की सुविधा विस्तार के लिए रेलवे लगातार प्रयासरत है। इस कड़ी में रोहतास जिले के दोनों प्रमुख स्टेशनों पर नई ट्रेनों के अलावा स्पेशल रेलगाड़ी का ठहराव सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि यात्री को देश के विभिन्न राज्यों का आसानी से सफर कर सके। ऐसे में रेलवे ने संतरागाछी (पश्चिम बंगाल) से दौंसा (जयपुर राजस्थान) तक नई ट्रेन संतरागाछी-खातिपुरा साप्ताहिक एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया है।
इन रूटों से होकर चलेगी यह ट्रेन
यह ट्रेन टाटानगर, पुरुलिया-रांची, गढ़वा-जपला के रास्ते चलेगी। प्रत्येक बुधवार को सांंतरागाछी से दोपहर 14.15 में चलेगी, जो विभिन्न स्टेशनों पर अगले दिन सुबह लगभग साढ़े सात बजे सासाराम पहुंचेगी। मिली जानकारी के अनुसार इस ट्रेन का ठहराव (स्टॉपेज) सासाराम जंक्शन के अलावा डेहरी आनसोन व भभुआ रोड स्टेशन पर भी दिया गया है। नई ट्रेन चलाने के निर्णय से रोहतास जिले के लोगों को जयपुर जैसे अन्य प्रमुख शहर जाना और आसान हो गया। वहीं ट्रेन संख्या 18061 संतरागाछी से प्रत्येक बुधवार को दोपहर 14.15 तथा दौंसा से प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 09.20 में चलेगी।
कहां-कहां होगा ठहराव
इस ट्रेन का ठहराव खड़गपुर, टाटानगर, चांडिल, पुरूलिया, मुरी, रांची, लोहरदागा, टोरी, बरवाडीह, डाल्टेनगंज, गढ़वा, जपला, डेहरी आनसोन, सासाराम, भभुआ रोड, पीडीडीयू, मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टुंडला, ईदगाह आगरा, खरेली, मंडवार, महुआंव रोड, बांडदेई स्टेशन पर रुकेगी। बता दें कि हावड़ा से खातिपुरा तक गया-गोमो के रास्ते फिलहाल स्पेशल ट्रेन का परिचालन होता है। नियमित रूप से ट्रेन चलाने की मांग पिछले कुछ वर्षों से होता रहा है।