अफरोज आलम/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: विभूतिपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर हथियारों के साथ तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बदमाश मौके से फरार हो गया. रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि विभूतिपुर थाना क्षेत्र के जोगिया पथ स्थित एक कोल्ड स्टोरेज के पास चौर में बनी एक छोटी झोपड़ी में कुछ हथियारबंद अपराधियों के जुटने और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश रचे जाने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया.
इसके बाद विभूतिपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने तत्क्षण कार्रवाई करते हुए छापेमारी की. छापेमारी के दौरान चार अपराधियों को मौके से पकड़ा गया, जबकि एक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. तलाशी के क्रम में पकड़े गए बदमाशों के पास से तीन देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, 12,500 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए. इसके अलावा घटनास्थल के पास से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई. डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में एक नाबालिग भी शामिल है. सभी बदमाश विभूतिपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले है. फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और सभी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़े: सुपौल में भीषण अगलगी, एक दर्जन से अधिक दुकानें और घर जलकर राख