न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: शनिवार आधी रात पटना से सटे बख्तियारपुर के सालिमपुर थाना क्षेत्र में ममता लाइन होटल में खाने के दौरान उत्पन्न विवाद ने सनसनी फैलाई. होटल में खाना खाने के बाद बिल मांगने पर चार युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया और विरोध करने पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी.
घटना की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुन्ना कुमार और मनोज कुमार (सालिमपुर दक्षिणी टोला) तथा रोहित उर्फ मंगला (बेलथान गांव) के रूप में हुई हैं. उनके पास से एक लोडेड पिस्टल और दो खोखे बरामद किए गए हैं. चौथा आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही हैं. होटल के कर्मचारियों ने बताया कि चारों युवकों ने पहले गाली-गलौज की और धमकी दी. जब उनका विरोध किया गया, तो उन्होंने कमर से पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी. फायरिंग से होटल में अफरातफरी मच गई और कई लोग इधर-उधर भागे. मुन्ना कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ सालिमपुर थाना में कई मामले दर्ज हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी को पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई हैं.
यह भी पढ़े: Amazon Black Friday Sale में 40% तक की बंपर छूट, स्मार्टफोन खरीदने का सबसे अच्छा मौका