न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: बिहार के रोहतास जिले में अपराधियों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी हैं। सोमवार की शाम दिनारा थाना अंतर्गत बबुरा चौक के पास सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। अपराधियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को इतनी बुरी तरह क्षत-विक्षत किया है कि देखने वालों की रूह कांप गई।
साक्ष्य मिटाने के लिए शरीर के किए टुकड़े
घटनास्थल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरामद शव केवल कमर और जांघ का हिस्सा है। अपराधियों ने अमानवीयता दिखाते हुए महिला का सिर और धड़ गायब कर दिया है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और मृतका की पहचान मिटाने के लिए शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए गए हैं। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों में इस वीभत्स कांड को लेकर भारी आक्रोश है।
पोस्टमार्टम के लिए बनी मेडिकल टीम, दुष्कर्म की आशंका
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए चार विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक विशेष मेडिकल टीम गठित की गई है। प्राथमिक तौर पर महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। डॉक्टर के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि हत्या से पहले और बाद में महिला के साथ किस तरह की दरिंदगी की गई है।
सीसीटीवी और गुमशुदगी रिपोर्ट खंगाल रही पुलिस
दिनारा थाने के चौकीदार हरिद्वार सिंह ने बताया कि फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के सभी थानों से संपर्क कर पिछले कुछ दिनों की गुमशुदगी रिपोर्ट का मिलान कर रही है। साथ ही, बबुरा चौक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।