न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: NEET छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले को लेकर बिहार विधानसभा में विपक्ष के हंगामे पर राजद विधायक श्याम रजक ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील घटना का राजनीतिकरण किया जा रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है. श्याम रजक ने स्पष्ट किया कि जो घटना घटी है उसकी वह कड़ी निंदा करते है लेकिन सरकार इस मामले में पूरी तरह से न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं इस मामले की जांच CBI को सौंपने की अनुशंसा की है, ऐसे में सभी को धैर्य रखना चाहिए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को न्याय जरूर मिलेगा.
NEET छात्रा मामले को लेकर हुए विधानसभा मार्च पर प्रतिक्रिया देते हुए श्याम रजक ने कहा कि राजनीतिक पार्टियां विरोध और आंदोलन करती रहती है. उन्होंने कहा कि जनता ने जिस सरकार को चुना है, वह कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर है और अपराधी घटनाओं पर सख्ती से नकेल कसी जाएगी. विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच हुई नोंकझोंक पर भी श्याम रजक ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि दोनों के बीच देवर-भोजाई का रिश्ता है और माघ का महीना चल रहा है. श्याम रजक के इन बयानों के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई है. NEET छात्रा मामला, कानून-व्यवस्था और सदन की कार्यवाही को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव फिलहाल जारी रहने के संकेत दे रहा है.
यह भी पढ़े: बिहार विधानमंडल का बजट सत्र, पथ निर्माण सहित कई विभागों के बजट होंगे पेश