राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
शेरघाटी/डेस्क: आमस थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-26 पर मंगलवार की देर रात करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया. आमस प्रखंड के हमजापुर इमामगंज मोड़ के पास झारखंड के बोकारो से बक्सर जा रही एक यात्री बस और हाइवा (टेलर) के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई.
हादसा इतना भयावह था कि बस चालक लाल बाबू शाह (35 वर्ष), निवासी बक्सर बस के केबिन में बुरी तरह फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. वहीं बस में सवार 20 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.
टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के दौरान बस का ऑटोमैटिक गेट लॉक हो जाने से यात्री अंदर ही फंस गए. बस के भीतर चीख-पुकार मच गई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय युवकों ने साहस दिखाते हुए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद बस का गेट तोड़कर एक-एक कर सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया.इधर मौके से हाइवा टेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. वही घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से शेरघाटी के अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सात घायलों को बेहतर इलाज के लिए गया अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल रेफर किया गया.
अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. पुष्कर ने बताया कि अधिकांश घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही आमस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मृत चालक के शव को बस से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
घायलों की सूची इस प्रकार है —
- प्रशांत कुमार, तेमारी, शेरघाटी
- अंजनिकांत
- श्रीराम सिंह
- मिथलेश जून (27 वर्ष)
- धर्मनाथ यादव (45 वर्ष)
- चांदनी कुमारी
- तेनारायण यादव (22 वर्ष)
- काली देवी
- बापन पांडेय (19 वर्ष)
- बाबन पांडेय
- सीता कुमारी, मोतिहारी देवी (24 वर्ष)
- श्रीमणि चौससिया (38 वर्ष)
- निरंजन कुमार निर्मल (59 वर्ष)
- मीना देवी, भोजपुर
- सुनील कुमार (45 वर्ष), बोकारो
- सरिता यादव (25 वर्ष), बलिया
- राजेश कुमार, कृष्णा यादव
- अर्जुन चौधरी (42 वर्ष), बोकारो
- बिभा कुमारी (22 वर्ष), मोरहर
- अनिल श्रीवास्तव (23 वर्ष), बोकारो
- हादसे के बाद एनएच-2 पर लगा जाम
दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन बहाल कराया।
फिलहाल आमस थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: नवादा में वर्चस्व को लेकर मारपीट, 5 लोग घायल, एक को पटना किया गया रेफर