राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: शेरघाटी अनुमंडल अंतर्गत सिंधुगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो पिकअप वाहनों से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई से इलाके में शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है. थानाध्यक्ष निलेश कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से जंगल और खेत के रास्ते शराब की खेप बिहार लाई जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने वंदा मोड़ के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान संदेह के आधार पर दो चार पहिया पिकअप वाहनों को रोका गया.
थाना परिसर में जब दोनों वाहनों की गहन तलाशी ली गई तो उनके तहखानों से कुल 455.575 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई. शराब को इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य जांच में उसका पता लगाना मुश्किल था. इस मामले में चार शराब तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान श्याम कुमार एवं रामू साव, दोनों ग्राम पांडेयडीह, थाना व जिला कोडरमा (झारखंड) तथा आकाश प्रसाद एवं विपुल कुमार, दोनों ग्राम हाड़सा, थाना हिसुआ, जिला नवादा के रूप में की गई है.
पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों को भी जब्त कर लिया है. पूछताछ के दौरान तस्करों ने स्वीकार किया कि शराब को झारखंड से चोरी-छिपे खेत और जंगल के रास्ते बिहार लाया जा रहा था. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस शराब की खेप को पटना तक पहुंचाया जाना था. थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. लगातार हो रही कार्रवाई से क्षेत्र में शराब तस्करों की कमर टूटती नजर आ रही है.
यह भी पढ़े: नवादा में युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी