अफरोज आलम/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: समस्तीपुर में खेल-खेल में गीत गाकर बच्चों को पढ़ाने वाले शिक्षक बैजनाथ रजक का शीतलहर से बचाव को लेकर एक नया वीडियो सामने आया है. करीब 2 मिनट 21 सेकेंड के इस वीडियो में वे बच्चों को ठंड और शीतलहर से बचने की जानकारी देते नजर आ रहे है. 23 दिसंबर को बनाए गए इस वीडियो में शिक्षक बैजनाथ रजक क्लासरूम में बच्चों के साथ दिखाई दे रहे है. वे गीत गाकर बच्चों को शीतलहर से बचाव के उपाय समझा रहे है. गीत के बोल है “शीतलहर जारी है, धूप भी बेगाना, खुद को ठंड से बचाना.”
ठंड से बचने के आसान उपाय बताए
गीत के माध्यम से शिक्षक बच्चों से गर्म कपड़े पहनने, शरीर को पूरी तरह ढककर रखने, नंगे पांव नहीं चलने, ठंडे पानी से स्नान न करने और गर्म भोजन करने की अपील कर रहे है. साथ ही, ठंड के मौसम में कंबल और चादर का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी जा रही है. इस दौरान क्लासरूम के ब्लैकबोर्ड पर शीतलहर से बचाव को लेकर एक डायग्राम भी बनाया गया है.
लंबे समय से नवाचारी शिक्षण के लिए पहचान
बैजनाथ रजक जिले के हसनपुर प्रखंड स्थित प्राइमरी कन्या विद्यालय, मालदह में लंबे समय से पदस्थापित है. अलग-अलग मौसम और आपदाओं को लेकर उनके कई जागरूकता वीडियो पहले भी सामने आ चुके है. इनमें गर्मी में लू से बचाव, बारिश में बाढ़ से सुरक्षा, भूकंप, डायरिया, मेले में भीड़ से बचाव और गर्मी की छुट्टियों में क्या करें जैसे विषय शामिल है.
उनके नवाचारी प्रयासों की शिक्षा विभाग ने सराहना की है और उन्हें कई बार राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है. इस बार उनके नाम का चयन राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए भी किया गया था. बिहार से प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया था, हालांकि अंतिम समय में उनका नाम सूची से बाहर कर दिया गया.
यह भी पढ़े: घने कोहरे में बड़ा हादसा: स्कूल बस और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर, चार लोग घायल