न्यूज11 भारत
पटना/डेस्क: उत्तर-पश्चिम से आ रही ठंडी हवाओं का असर बिहार में दिखने लगा है. इसके कारण राज्य में ठंड काफी बढ़ गई है. मौसम विभाग ने राज्य के 15 जिलों में कोहरे का अलर्ट भी जारी कर दिया है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में पटना समेत 26 जिलों में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गयी है.
आज के मौसम की बात करें तो पटना, नालंदा, गोपालगंज समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है. मौसम विभाग ने आज 15 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है. अगले 24 घंटे में पटना समेत 26 जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट भी जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक 21 दिसंबर से शीतलहर चलने की संभावना है. पटना जिले का न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस है.
पटना में स्कूलों की टाइमिंग बदली
ठंड की वजह पटना डीएम ने स्कूलों की टाइमिंग बदल दी है. अब स्कूलों का संचालन 9 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगा. जिन कक्षाओं में प्री-बोर्ड/बोर्ड परीक्षाएं होंगी वे सामान्य समय पर ही चलेंगी. यह आदेश 19 से 25 दिसंबर तक प्रभावी रहेगा
भागलपुर के मौसम का हाल
बिहार के तकरीबन सभी जिलों में शीतलहर को लेकर अगले 72 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया गया है. सिल्क सिटी भागलपुर में देर रात से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. तेज ठंडी हवा के साथ कोहरा छाया हुआ है. तापमान में भी गिरावट हुई है. पछुआ हवा के कारण कनकनी बढ़ने से लोगों को सर्दी सताने लगी है. कनकनी और ठंड के कारण रोजमर्रा के काम से घर से बाहर निकलने वाले लोगों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में और ठंड में वृद्धि होगी और लोगों को शीतलहर का सामना करना पड़ सकता है
यह भी पढ़ें: ईशान किशन के विस्फोट से झारखंड की ऐतिहासिक जीत, पहली बार जीती सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी