न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
पुरुषोत्तम कुमार/जमुई: सिकंदरा मुख्य मार्ग पर चौडीहा, मिर्चा मोड़ के पास शुक्रवार की सुबह 8:30 बजे तेज रफ्तार वाहन की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान, चौडीहा निवासी सकिन्द्र कुमार पासवान की पत्नी सुगनी देवी के रूप में हुई है।
परिजन ने बताया कि महिला गांव में ही एक भोज कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। इस दौरान चौडीहा, मिर्चा मोड़ के पास वह सड़क क्रॉस करने लगी, तभी तेज रफ्तार थार वाहन जोरदार टक्कर मारते हुए फरार हो गई। जिससे घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद मृतका के शव को सदर अस्पताल लाया गया, जहां टाउन थाना पुलिस द्वारा कागजी प्रक्रिया पूरी कर डॉक्टर द्वारा पोस्टमार्टम कर शव को परिजन के हवाले कर दिया गया। फिलहाल फरार थार वाहन की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
इधर महिला की मौत के बाद पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजन में मातम छा गया है।