न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री देबेंद्र प्रधान के निधन पर केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शोक जताया है. उन्होंने आज नई दिल्ली में देबेंद्र प्रधान के अंतिम दर्शन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सुपुत्र और केन्द्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान व परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएँ प्रकट की.
सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा कि वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री देबेंद्र प्रधान जी का पूरा जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा. चाहे अटल जी की सरकार में मंत्री के रूप में विकास कार्यों को गति देना हो या ओडिशा भाजपा के अध्यक्ष के तौर पर संगठन को सशक्त बनाना हो, उन्होंने हमेशा अपनी कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया.
आज नई दिल्ली में देबेंद्र प्रधान जी के अंतिम दर्शन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सुपुत्र श्री धर्मेंद्र प्रधान जी व परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएँ प्रकट कीं. ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें. ॐ शांति.