न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: हरिवंश नारायण सिंह को लगातार तीसरी बार राज्यसभा के उपसभापति पद पर चुना गया हैं. इसपर प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने उन्हें बधाई दी और कहा कि बीते वर्षों में उनके अनुभव, निष्पक्ष कार्यशैली और सभी दलों को साथ लेकर चलने के प्रयासों पर सदन ने एक बार फिर मुहर लगा दी हैं. वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी हरिवंश नारायण सिंह को तीसरे कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की.
जानकारी के अनुसार, हरिवंश नारायण सिंह का जीवन संघर्ष और सफलता की मिसाल माना जाता हैं. वे एक साधारण किसान परिवार से आते हैं. उनका संबंध लोकनायक जयप्रकाश नारायण के गांव सिताब दियारा से है, जो सामाजिक और राजनीतिक चेतना के लिए जाना जाता हैं.
हरिवंश ने अर्थशास्त्र में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की. इसके बाद 1980 के दशक में उन्होंने हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा और प्रसिद्ध पत्रिका ‘धर्मयुग’ से अपने करियर की शुरुआत की. पत्रकारिता के शुरुआती दौर में ही उन्होंने अपनी लेखनी और विश्लेषण क्षमता से पहचान बनाई. इसके बाद उन्होंने बैंक ऑफ इंडिया में सरकारी अधिकारी के तौर पर भी काम किया, लेकिन पत्रकारिता के प्रति जुनून के चलते उन्होंने यह नौकरी छोड़ दी और दोबारा मीडिया जगत में लौट आए. साल 1989 में हरिवंश रांची से प्रकाशित होने वाले प्रमुख हिंदी अखबार ‘प्रभात खबर’ से जुड़े. अपनी मेहनत, नेतृत्व क्षमता और संपादकीय दृष्टि के दम पर वे आगे चलकर अखबार के संपादक बने. उनके नेतृत्व में प्रभात खबर ने राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बनाई. राज्यसभा सदस्य बनने से पहले हरिवंश ने अपनी राजनीतिक पारी पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के राजनीतिक सलाहकार के रूप में निभाई. हालांकि कांग्रेस द्वारा चंद्रशेखर सरकार से समर्थन वापस लेने के बाद वे फिर से पत्रकारिता में लौट आए.
यह भी पढ़े: टेंडर कमीशन घोटाला: चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम के एकाउंटेंट रहे मुकेश मित्तल को मिली बड़ी राहत