न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: पंजाब के सरहिंद स्टेशन के पास लुधियाना से दिल्ली जा रही गरीबरथ एक्सप्रेस ट्रेन (संख्या 12204 अमृतसर-सहरसा) की एक बोगी में भीषण आग लग गई. यह हादसा सुबह करीब 7:30 बजे बोगी नंबर 19 में हुआ, जिसमें कई यात्री सवार थे.
जानकारी के अनुसार, ट्रेन ने सुबह 7 बजे सरहिंद स्टेशन पार किया था. इसी दौरान एक यात्री को ट्रेन की एसी बोगी नंबर 19 से धुआं उठता दिखा. उसने तुरंत शोर मचाते हुए चेन खींच दी. धुएं के साथ आग की लपटें उठने लगीं तो यात्रियों में अफरातफरी मच गई और जान बचाने के लिए लोग बाहर कूदने लगे. इस दौरान कई यात्री चोटिल हो गए.
दमकल विभाग ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पा लिया
सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं, जिन्होंने आग पर काबू पाने का प्रयास किया. रेलवे अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यात्रियों को दूसरे डिब्बों में भेज दिया. एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया और ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया है.
रेलवे अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की और आग जल्दी बुझा दी गई
रेलवे की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि घटना का पता चलते ही रेलवे अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की और आग जल्दी बुझा दी गई. कोई हताहत नहीं हुआ. अफरातफरी में ट्रेन से उतरने के दौरान कई यात्रियों को चोट लगी थी, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है. शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है. फिर भी रेलवे इंजीनियर्स की टीम आग लगने के कारण की तलाश कर रही है.
यह भी पढ़े: ट्रेन में जगह न मिलने का गुस्सा, दो भाइयों ने 'बम की अफवाह' फैलाकर रोकी ट्रेन, मचा बवाल