न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: हरियाणा में दो दिनों के भीतर हुई दो दर्दनाक घटनाओं ने राज्य के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. रोहतक और बहादुरगढ़ में बास्केटबॉल कोर्ट पर अभ्यास कर रहे दो राष्ट्रीय स्तर के युवा खिलाड़ियों पर पोल गिर जाने से उनकी मौत हो गई.
मंगलवार को रोहतक के लाखन माजरा गांव में एक बड़ा हादसा हुआ, जिसका शिकार 16 वर्षीय नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक हो गया. सुबह लगभग 10 बजे, हार्दिक गांव के खेल ग्राउंड में बास्केटबॉल पोल से लटक कर अकेले अभ्यास कर रहा था. पहली कोशिश के बाद जब उसने दूसरी बार पोल को पकड़ा, तो लोहे का पूरा ढांचा जड़ से उखड़कर सीधे उसके सीने और सिर पर आ गिरा. पास में अभ्यास कर रहे अन्य खिलाड़ियों ने तुरंत दौड़कर हार्दिक को मलबे से निकाला और PGI रोहतक पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
हार्दिक ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था, जिसमें कांगड़ा में सिल्वर और हैदराबाद व पुडुचेरी में ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे. उसकी अचानक मौत ने परिवार और गांव को गहरे सदमे में डाल दिया हैं. यह पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई हैं.
बहादुरगढ़ में भी दो दिन पहले ऐसा ही हादसा
इससे भी अधिक चौंकाने वाली बात यह है कि यह दो दिनों में दूसरी ऐसी घटना हैं. रोहतक के हादसे से ठीक दो दिन पहले रविवार को बहादुरगढ़ के होशियार सिंह स्टेडियम में भी इसी तरह का हादसा हुआ था. यहां 15 साल का अमन शाम करीब 3:30 बजे अभ्यास कर रहा था. अचानक बास्केटबॉल का पोल उसके ऊपर गिर गया. जिसके बाफ अमन को भी तुरंत PGI रोहतक ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.