न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: केरल से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस में आज रविवार सुबह अचानक आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया. घटना मध्यप्रदेश के कोटा रेल मंडल अंतर्गत लूणी रिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशन के बीच हुई. आग ट्रेन के बी-1 कोच में लगी थी, जिसके बाद तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया.
जानकारी के मुताबिक, राजधानी एक्सप्रेस संख्या 12431 रविवार सुबह करीब 5:15 बजे विक्रमगढ़ आलोट क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी बी-1 कोच से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दी. गार्ड ने तुरंत इसकी सूचना लोको पायलट को दी, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोका गया. हादसे के समय बी-1 कोच में करीब 68 यात्री सवार थे. आग की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों और ट्रेन स्टाफ ने तेजी दिखाते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया.
करीब 15 मिनट के भीतर पूरा कोच खाली करा लिया गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं हैं. आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते बी-1 कोच पूरी तरह जलकर राख हो गया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंची. आसपास के स्टेशनों से अतिरिक्त रेलवे कर्मचारियों को बुलाया गया, जबकि स्थानीय प्रशासन ने भी राहत कार्य में सहयोग किया.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह ट्रेन सुबह करीब 3:45 बजे रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी और इसका अगला ठहराव कोटा जंक्शन था लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया. घटना के बाद एहतियात के तौर पर दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी गई. ट्रेन की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई और प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया हैं. रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी हैं.