न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में मतगणना के दिन मौसम ने एक खास अंदाज अपनाया हैं. राज्य की राजधानी रांची समेत अधिकांश जिलों में बीते 24 घंटे में मौसम शुष्क बना रहा. चाईबासा में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गढ़वा में न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग ने आज भी सुबह घने कोहरे और रात में ठंड बढ़ने की संभावना जताई हैं. हालांकि दोपहर तक आसमान साफ रहने और धूप खिलने का अनुमान हैं.
मौसम विभाग का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में "ला नीना" प्रभाव धीरे-धीरे अपना असर दिखा रहा हैं. न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही हैं. उन्होंने बताया कि सुबह कोहरा और धुंध छाए रहने के बाद दोपहर में मौसम साफ होगा. पूर्वी हवाओं के कारण ठंड बढ़ने की संभावना है, जिससे सावधानी बरतने की आवश्यकता हैं.
आज का मौसम कैसा रहेगा?
आज का दिन सुबह कोहरे के साथ शुरू होगा, लेकिन जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ेगा, धूप निकलने लगेगी. हालांकि ठंडी हवाएं और धूप का मिश्रित असर लोगों को खास अनुभव कराएगा. शाम और रात के समय तापमान में और गिरावट होगी, जिससे ठंड का एहसास बढ़ेगा.
तापमान का अनुमान
आज देवघर, दुमका, गिरिडीह, धनबाद, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, जामताड़ा जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा. वहीं कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस होगा. इसके अलावा बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहेगा और पूर्वी व पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस होगा.
पूर्वी हवाओं की ठंडक और न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते लोगों को ठंड से बचने की सलाह दी गई हैं.