न्यूज़11 भारत
पुटकी/डेस्क: कच्छी बलिहारी बस्ती स्थित शहीद शक्तिनाथ महतो स्मारक विद्यालय परिसर में कल शुक्रवार को तेज आवाज के साथ अचानक गोफ बन गया. गोफ करीब 5 फीट गहरा और चार फीट चौड़ा बताया जा रहा है. घटना के समय विद्यालय में छात्र-छात्राएं कक्षाओं में मौजूद थे. गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद विद्यालय में छुट्टी कर दी गई.
सूचना मिलने पर भागाबांध कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी जेके सिंह देर शाम विद्यालय परिसर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. सुरक्षा के मद्देनजर गोफ के चारों ओर फेसिंग कर घेराबंदी की गई. इसी बीच आज शनिवार को BCCL प्रबंधन की ओर से गोफ की भराई का कार्य शुरू कर दिया गया है.
विद्यालय के प्राचार्य कैलास प्रसाद ने बताया कि स्कूल को दूसरी सुरक्षित जगह पर शिफ्ट करने को लेकर पूर्व में पीबी एरिया प्रबंधन से बातचीत की गई है. परिसर में गोफ बनने के बाद छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में डर का माहौल है. उन्होंने BCCL प्रबंधन से जल्द से जल्द विद्यालय को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: गुमला: 13 वर्षीय बच्ची के साथ गैंगरेप, इलाज के दौरान रिम्स में मौत