न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: 730 करोड़ रुपये की जीएसटी घोटाला से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार स्क्रैप कारोबारी बबलू जायसवाल और उनके बेटे राज जायसवाल को जेल भेज दिया गया. दोनों को पीएमएलए की विशेष जज के आवासीय कोर्ट में पेश किया गया था.
बताते चलें कल बुधवार सुबह से रात तक हुई छापेमारी के बाद देर रात बिस्टुपुर स्थित आवास से दोनों को गिरफ्तार किया गया था. कल बुधवार की सुबह ईडी ने जमशेदपुर के बिस्टुपुर में 3 और कोलकाता में 2 ठिकानों पर कार्रवाई की थी. छापेमारी के दौरान ईडी ने कई अहम दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद किये थे.
यह पूरा मामला 730 करोड़ के फर्जीवाड़े और टैक्स चोरी कर जीएसटी घोटाले और अवैध वित्तीय लेनदेन से जुड़ा है. कारोबारी बबलू जायसवाल पर बोगस कंपनियों के जरिए फर्जी बिलिंग करने, अवैध रूप से आईटीसी प्राप्त करने और बड़े पैमाने पर राजस्व को नुकसान पहुंचाने का गंभीर आरोप है.
जीएसटी घोटाला मामले में इससे पहले 4 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इनमें शिवकुमार देवड़ा, विक्की भालोटिया, अमित गुप्ता और मोहित देवड़ा शामिल हैं.
ईडी की जांच में GST चोरी के साक्ष्य मिले थे. 90 से अधिक शेल कंपनी बनाकर GST चोरी की गयी थी. सेल कंपनियों के नाम पर GST इंट्री कर 730 करोड़ से अधिक का फर्जीवाड़ा करने का आरोप है.
इसे भी पढ़ें: रांची: चुटिया थाना में जमकर हंगामा, ज्वेलरी दुकान में तोड़फोड़ और मारपीट के बाद बढ़ा विवाद