न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची में आज 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गर्व के साथ मनाया जा रहा हैं. राजधानी के प्रमुख चौक-चौराहों, सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय पर्व को सम्मान दिया जा रहा हैं.
सुबह से ही शहर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिल रहा हैं. सरकारी भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराया जा रहा है, वहीं राष्ट्रगान के साथ लोगों ने देश की एकता और अखंडता का संकल्प लिया.
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजंत्री ने उपायुक्त आवास में गणतंत्र दिवस के अवसर पर किया झंडोत्तोलन
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने आज 26 जनवरी, 2026 को 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर उपायुक्त आवास में राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इस अवसर पर उपायुक्त ने राष्ट्रगान के साथ झंडोत्तोलन किया और राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा एवं समर्पण व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस भारत के संविधान के लागू होने की ऐतिहासिक घटना का प्रतीक है, जो हमें लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता और न्याय के मूल्यों की याद दिलाता है. उन्होंने सभी रांची वासियों से आह्वान किया कि वे संविधान के आदर्शों को अपनाकर एक मजबूत, समृद्ध और समावेशी भारत के निर्माण में अपना पूर्ण योगदान दें.
राजधानी रांची सहित पूरा देश अपने गणतंत्र का 77वां वर्ष मना रहा है. गणतंत्र दिवस के मौके पर राजधानी रांची में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है. पूरी राजधानी देशभक्ति की भावना से लवरेज नजर आ रही है. रांची के मोरहाबादी स्थित उपायुक्त आवास में भी गणतंत्र दिवस के मौके पर ध्वजारोहण किया गया. मौके पर उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री और उनके परिवार ने शहर राज्य और देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी.
झारखंड विधानसभा परिसर में मनाया गया गणतंत्र दिवस
झारखंड विधानसभा परिसर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने विधिवत रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. ध्वजारोहण के साथ ही राष्ट्रगान गूंज उठा और परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया.
झारखंड हाईकोर्ट में गरिमामय ढंग से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस
झारखंड हाईकोर्ट परिसर में देश का 77वां गणतंत्र दिवस पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया. इस अवसर पर झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश महेश शरदचंद्र सोनक ने विधिवत रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. ध्वजारोहण के साथ ही राष्ट्रगान की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल में डूब गया. समारोह में हाईकोर्ट के सभी माननीय न्यायाधीश, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. ध्वजारोहण के बाद मुख्य न्यायाधीश ने कोर्ट के सभी न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों से व्यक्तिगत रूप से हाथ मिलाकर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने का संदेश दिया.
रांची में 77वें गणतंत्र दिवस की धूम, एसएसपी आवास पर हुआ ध्वजारोहण, देशभक्ति के रंग में रंगी राजधानी
रांची सहित पूरे देश में 77वें गणतंत्र दिवस का उत्सव पूरे उत्साह और गर्व के साथ मनाया जा रहा है. राजधानी रांची में भी इस राष्ट्रीय पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. इसी क्रम में रांची के एसएसपी आवास पर विधिवत रूप से ध्वजारोहण किया गया.
ध्वजारोहण समारोह के दौरान तिरंगे को सलामी दी गई और राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान किया गया. इस अवसर पर रांची के एसएसपी राकेश रंजन, ट्रैफिक एसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. एसएसपी राकेश रंजन ने इस मौके पर सभी को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि संविधान के मूल्यों के अनुरूप कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने शांति, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना भी की.
रांची सिविल कोर्ट में प्रधान न्यायधीश एके मिश्रा ने किया ध्वजारोहण
रांची सिविल कोर्ट परिसर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान प्रधान न्यायाधीश ए.के. मिश्रा ने विधिवत रूप से तिरंगा फहराया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी. ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के साथ पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला.
समारोह के दौरान प्रधान न्यायाधीश ए.के. मिश्रा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस अवसर पर सिविल कोर्ट के सभी न्यायिक पदाधिकारी, न्यायालय कर्मी और अधिवक्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी के आवास पर हुआ ध्वजारोहण
रांची में 77वें गणतंत्र दिवस का उत्सव पूरे हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा हैं. इसी क्रम में राजधानी रांची के सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के सरकारी आवास पर विधिवत रूप से ध्वजारोहण किया गया. दोनों वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान किया.
इस अवसर पर रांची पुलिस के जवान और पुलिस पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे. सभी ने देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने का संकल्प लिया. कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करने का संदेश दिया.
नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने फहराया तिरंगा
रांची नगर निगम परिसर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने विधिवत रूप से तिरंगा झंडा फहराया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी. ध्वजारोहण के साथ ही पूरे परिसर में राष्ट्रगान की गूंज सुनाई दी.
इस मौके पर रांची नगर निगम के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे. सभी ने एकजुट होकर संविधान के मूल्यों के प्रति निष्ठा जताई और शहर के विकास में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया. नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अपने संबोधन में कहा कि रांची शहर को और अधिक खूबसूरत, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना उनकी प्राथमिकता हैं.
रांची जिला बार एसोसिएशन में अध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण
रांची जिला बार एसोसिएशन में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शंभू प्रसाद अग्रवाल ने विधिवत रूप से तिरंगा फहराया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी. उन्होंने उपस्थित सभी अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं भी दी.
समारोह में सिविल कोर्ट के प्रधान न्यायधीश सहित न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता और बार एसोसिएशन के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. सभी ने मिलकर संविधान और लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई और देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित किया.
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के आवास पर हुआ ध्वजारोहण, 77वें गणतंत्र दिवस की दी शुभकामनाएं
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के आवास पर गरिमामय ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान अर्जुन मुंडा ने विधिवत रूप से तिरंगा फहराया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी. ध्वजारोहण के बाद उन्होंने उपस्थित लोगों को 77वें गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी. उन्होंने संविधान के मूल्यों, लोकतंत्र की मजबूती और देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने का संदेश दिया.
रांची विश्वविद्यालय मुख्यालय में मनाया गया गणतंत्र दिवस
रांची विश्वविद्यालय मुख्यालय में गणतंत्र दिवस के अवसर पर गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. डॉ. डी. के. सिंह ने विधिवत रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. ध्वजारोहण के साथ ही राष्ट्रगान की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल में रंग गया. इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. सभी ने संविधान के मूल्यों, शैक्षणिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की भूमिका को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
यह भी पढ़े: Republic Day 2026: 26 जनवरी का वो ऐतिहासिक इतिहास, जिनमें बसता है भारत का गणतंत्र