प्रमोद कुमार न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह सभापति रामचंद्र सिंह ने बरवाडीह-मंडल मार्ग निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य की आधारशिला रखकर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी. पथ निर्माण विभाग की ओर से लगभग 115 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का विधिवत शिलान्यास पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया. करीब 25 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण से बरवाडीह और मंडल के बीच आवागमन की तस्वीर पूरी तरह बदलने की उम्मीद जताई जा रही है.
इस सड़क को क्षेत्र की जीवनरेखा माना जाता है, लेकिन वर्षों से इसकी स्थिति जर्जर बनी हुई थी. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, धूल और बरसात के दिनों में कीचड़ के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. खासकर मरीजों, स्कूली बच्चों, किसानों और व्यापारियों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती थीं. ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे. ऐसे में इस परियोजना का शिलान्यास क्षेत्रवासियों के लिए किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं माना जा रहा है.
शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी. कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर, प्रखंड विकास पदाधिकारी रेश्मा रेखा मिंज, थाना प्रभारी अनुराग कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर मो. पीर सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला. मौके पर विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि बरवाडीह-मंडल मार्ग का निर्माण क्षेत्र के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा. उन्होंने कहा कि लगभग 40 वर्षों से क्षेत्र की जनता इस सड़क के निर्माण की मांग कर रही थी और आज उस सपने को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है.
उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव आएगा. विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ना है ताकि गांवों तक विकास की किरण पहुंचे. उन्होंने यह भी कहा कि सड़क बनने से आसपास के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा और लोगों का समय एवं खर्च दोनों बचेगा. साथ ही क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी. ग्रामीणों ने भी सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई. स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क के कारण बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती थी.
कई बार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी परेशानी होती थी. अब सड़क निर्माण शुरू होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है. शिलान्यास के दौरान पूरे कार्यक्रम स्थल पर उत्सव जैसा माहौल रहा. ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत किया और सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग भी उठाई. लोगों का कहना था कि यह सड़क क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण जरूरतों में शामिल थी और इसके निर्माण से बरवाडीह सहित आसपास के इलाकों के विकास को नई गति मिलेगी.
यह भी पढ़ें: आस्था की अनूठी मिसाल: भाजपा समर्थक ने हाथ में 108 कांटे चुभोकर पूरी की 'कठिन प्रतिज्ञा'