विकास कुमार/न्यूज़ 11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: पलामू : राज्य सरकार के निर्देश पर 6 जनवरी से 10 जनवरी तक राज्य के सभी प्रखंडों में आयोजित स्वास्थ्य शिविर अभियान के तहत शनिवार को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में एक दिवसीय वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य आम जनता को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना था. कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक संजय कुमार सिंह यादव, अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा उपाधीक्षक डॉ. एस. के. रवि तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया.
इस अवसर पर विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने कहा कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देना हम सबकी जिम्मेदारी है. राज्य सरकार नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सराहना करते हुए कहा कि सरकार द्वारा गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु गरीबों के लिए 15 लाख रुपये तक के विशेष पैकेज की व्यवस्था की गई है. विधायक ने कहा कि बीते कई वर्षों तक हुसैनाबाद अनुमंडल में स्वास्थ्य व्यवस्था जर्जर स्थिति में थी, लेकिन अब हालात तेजी से सुधर रहे हैं.
उन्होंने बताया कि इसी माह अनुमंडल अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ एवं महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की गई है तथा आने वाले समय में हैदरनगर में भी चिकित्सकों की स्थायी नियुक्ति की जाएगी. साथ ही उन्होंने सर्पदंश, आग से झुलसने, डूबने एवं अन्य आकस्मिक मौतों पर मिलने वाली सरकारी सहायता राशि की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने का निर्देश दिया और महिलाओं से अपील की कि वे बिचौलियों से बचते हुए सीधे सरकारी योजनाओं का लाभ लें. अनुमंडल चिकित्सा उपाधीक्षक डॉ. एस. के. रवि ने कहा कि विधायक के सहयोग से हुसैनाबाद में स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और आगे भी आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने का प्रयास जारी रहेगा.
कार्यक्रम का संचालन विभूति कुमार गुप्ता (प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक) ने किया. इस अवसर पर प्रेम मणि सुधांशु, रंजीत कुमार मेहता, राजद अनुमंडलीय अध्यक्ष खुर्शीद खान, कलाम खान, हुसैनाबाद प्रखंड अध्यक्ष सुदेश्वर राम, हैदरनगर प्रखंड अध्यक्ष एम.डी. समीम अख्तर खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: प्रखंड प्रमुख मीना देवी ने नशा मुक्ति अभियान चलाने को लेकर फूंका बिगुल