संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत ताल पंचायत के खजूरी और अवका गांव के बीच बीते दो दशकों से जर्जर पड़ी सड़क एवं पुलिया के नवनिर्माण तथा मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है. रविवार की दोपहर स्थानीय ग्रामीणों ने ताल पंचायत के मुखिया अनीता लोहरा व समाजसेवी उमेश यादव के नेतृत्व में एक विशाल महापंचायत का आयोजन किया. महापंचायत के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की और पलामू उपायुक्त (DC) तथा क्षेत्रीय विधायक कुशवाहा डॉ. शशी भूषण को लिखित ज्ञापन सौंपकर मामले पर तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की.
ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 1992-93 में इस सड़क और पुलिया का निर्माण कराया गया था. हालांकि, वर्ष 2003 में आई भीषण बाढ़ की वजह से पुल से सटे सड़क का एक बड़ा हिस्सा बह गया था. तब से लेकर आज तक, यानी पिछले 20 से अधिक वर्षों से इस मार्ग की मरम्मत का कार्य अधूरा पड़ा है. जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार आश्वासन दिए जाने के बावजूद धरातल पर कोई काम नहीं हुआ, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है.
दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित, दुर्घटनाओं का बना खतरा
मुखिया अनीता लोहरा सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क और पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से खजूरी, मतुली, जोबला, अवका और प्रसांगन सहित दर्जनों गांवों की आबादी प्रभावित हो रही है. बारिश के दिनों में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है, जिससे स्कूली बच्चों और मरीजों को ले जाने में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों ने बताया कि जर्जर पुलिया के कारण पूर्व में कई बड़ी दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं. इस मार्ग के बनने से पांकी से लातेहार के मनिका की दूरी भी काफी घट जाएगी.
भूमि विवाद पर निष्पक्ष जांच की मांग
महापंचायत में ग्रामीणों ने एक अन्य समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि गांव का ही एक व्यक्ति सड़क एवं पुल की भूमि को अपनी रैयती जमीन बताकर निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहा है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवरोध हटाने की गुहार लगाई है.
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर शीघ्र संज्ञान नहीं लिया, तो वे उग्र आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने को बाध्य होंगे.
समाजसेवी उमेश यादव ने ग्रामीणों की मांग को पूर्णतः जायज बताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसुरक्षा के लिए इस मार्ग का बनना अनिवार्य है. उन्होंने घोषणा की कि सड़क एवं पुलिया के निर्माण कार्य में वे व्यक्तिगत स्तर पर भी हर संभव मदद देने के लिए तैयार हैं.
मौके पर पंचायत समिति सदस्य दासु सिंह उप मुखिया लक्ष्मण यादव मनोज सिंह धर्मदेव सिंह मुनीफ सिंह बैजनाथ सिंह रामलाल सिंह पूरन सिंह विनोद सिंह पारो देवी मंजू देवी विनोद राम इंद्रदेव सिंह सहित सैकड़ो लोग लोग उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: MMDR को लेकर JMM ने सरकार से जल्द से जल्द विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग की